सरकारी कर्मचारी की मृत्यु अथवा लापता होने पर कुटुंब पेंशन एवं उपदान से संबंधित उपबंध: पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग
सरकारी कर्मचारी की मृत्यु अथवा लापता होने पर कुटुंब पेंशन एवं उपदान से संबंधित उपबंध: पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग कार्यालय ज्ञापन दिनांक: 29.10.2026
सं. 12/16/2026-पी& पीडब्ल्यू (सीपेन) / ई-11922/5
भारत सरकार
कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग
तृतीय तल, लोक नायक भवन,
खान मार्केट, नई दिल्ली
दिनांक: 29.10.2026
कार्यालय ज्ञापन
विषयः सेवारत सरकारी कर्मचारी की मृत्यु अथवा लापता होने पर कुटुंब पेंशन एवं उपदान से संबंधित उपबंध।
अधोहस्ताक्षरी को यह कहने का निदेश हुआ है कि सीपेनग्रामस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच से पता चला है कि केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 2021 के अधीन कवर किए गए सेवारत सरकारी कर्मचारी की मृत्यु या लापता होने के कुछ मामलों में कुटुंब पेंशन और उपदान की मंजूरी में काफी देरी होती है। ये देरी मुख्य रूप से मृतक या लापता सरकारी कर्मचारी के परिवार के सदस्यों में संबंधित नियमों और निर्देशों के बारे में पर्याप्त जागरूकता न होने के कारण होती है।
2. इस संबंध में, हितलाभों की संस्वीकृति के लिए निर्धारित प्रक्रिया की एक व्यापक रूपरेखा नीचे दिए गए पैराग्राफ़ में दी गई है:
क. किसी सरकारी कर्मचारी की मृत्यु की सूचना मिलने पर, कार्यालय प्रमुख तुरंत नियम 71 के अधीन कुटुंब पेंशन और मृत्यु उपदान के लिए पात्रता की जांच करेगा, नामनिर्देशित या परिवार के पात्र सदस्यों का पता लगाएगा, और निर्धारित दावा फार्मेट के साथ परिवार से संपर्क करेगा। यदि कोई सरकारी कर्मचारी लापता है, तो उपरोक्त रीति से कार्यवाही करने के लिए घटना की सूचना देना आवश्यक है।
ख. जहां नियम 45 के अधीन परिवार मृत्यु उपदान के लिए पात्र है, वहां कार्यालय प्रमुख उपदान की रकम प्राप्त करने के लिए कुटुंब के पात्र सदस्य को प्ररूप 9 में उपदान के लिए दावा करने की सलाह देते हुए, फ़ॉर्मेट 11 में लिखेगा। इसके अतिरिक्त, कार्यालय प्रमुख, यथास्थिति, परिवार के पात्र सदस्य या संरक्षक को, प्ररूप 10 में कुटुंब पेंशन के लिए दावा करने की सलाह देते हुए, फ़ॉर्मेट 12 में लिखेगा।
ग. लापता होने के मामले में, संबंधित पुलिस थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट या दैनिक डायरी प्रविष्टि या सामान्य डायरी प्रविष्टि में रिपोर्ट दर्ज करनी होती है। नियम 51(5) और 71(6) (ग)-(घ) के अधीन, दावों के साथ, दर्ज की गई उक्त रिपोर्ट की प्रति और पुलिस से प्राप्त इस आशय की रिपोर्ट की प्रति, कि इस संबंध में किए गए सभी प्रयासों के बावजूद सरकारी कर्मचारी का पता नहीं लगाया जा सका, फॉर्मेट 8 में एक क्षतिपूर्ति बॉन्ड, फॉर्मेट 9 में बैंक को दिया गया वचनबंध संलग्न होगा।
घ. नियम 51(8) (क) में उपबंधित है कि लापता होने के मामले में कुटुंब पेंशन (स्वीकार्य बकायों सहित) और सेवानिवृत्ति उपदान की रकम का भुगतान पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की तारीख से छह मास की अवधि बीतने से पूर्व वास्तव में नहीं किया जाएगा।
ङ. मृत्यु होने के मामले में, सरकारी कर्मचारी की मृत्यु की तारीख के अगले दिन से कुटुंब पेंशन देय होगी। लापता सरकारी कर्मचारी के मामले में, कुटुंब पेंशन उस तारीख के अगले दिन से देय होगी, जिस तारीख तक सरकारी कर्मचारी के लापता होने से पहले उसे अवकाश स्वीकृत किया गया था अथवा उस तारीख से जिस तारीख तक सरकारी कर्मचारी को वेतन और भत्तों का भुगतान कर दिया गया था, या जिस तारीख को संबंधित पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जो भी सबसे बाद में हो।
च. लापता सरकारी सेवकों के लिए विशेष उपबंध नियम 51 (10) द्वारा अपवर्जित मामलों पर लागू नहीं होंगे, जिनमें कथित धोखाधड़ी, गबन या किसी अन्य अपराध के लिए सरकारी सेवक पर जांच चल रही हो, या जिस पर ऐसे अपराधों का आरोप लगाया गया हो या उसे दोषी ठहराया गया हो, सम्मिलित है ।
3. इसे सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से जारी किया जाता है।
हस्ता/-
(संजय भारती)
अवर सचिव, भारत सरकार
Comments