कुटुंब पेंशन की पात्रता निर्धारित करते समय आजीविका नहीं कमाने या आश्रितता का अवधारण: पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग का कार्यालय ज्ञापन
कुटुंब पेंशन की पात्रता निर्धारित करते समय आजीविका नहीं कमाने या आश्रितता का अवधारण। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के तहत फैमिली पेंशन की पात्रता निर्धारित करने के लिए आय और आश्रितता संबंधी नियमों को स्पष्ट किया है। सामान्य पात्र पारिवारिक सदस्यों के लिए पेंशन के अतिरिक्त अन्य स्रोतों से मासिक आय ₹9,000 (महंगाई राहत सहित) से कम होनी चाहिए। मानसिक या शारीरिक दिव्यांग बच्चों और भाई-बहनों के लिए अलग आय सीमा निर्धारित है, जो निर्धारित पारिवारिक पेंशन का 30 प्रतिशत है। कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी पर यह आय सीमा लागू नहीं होती। अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा पुत्री को माता-पिता के जीवित रहते उन पर आश्रित होना आवश्यक है। आश्रित माता-पिता और दिव्यांग भाई-बहनों के लिए भी सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु से ठीक पहले आश्रित होना जरूरी है। संबंधित परिवारों को अपनी आय और आश्रितता के प्रमाण तैयार रखने चाहिए।
प्रभावित व्यक्ति:
- अविवाहित, विधवा एवं तलाकशुदा पुत्रियां।
- आश्रित माता-पिता।
- मानसिक या शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चे एवं भाई-बहन।
- पुनर्विवाहित निःसंतान विधवा के मामले में अन्य पात्र पारिवारिक सदस्य।
2. आश्रितता से संबंधित दस्तावेज एवं प्रमाण उपलब्ध रखें।
3. दिव्यांगता की स्थिति में आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें।
4. संबंधित पेंशन विभाग या कार्यालय में पात्रता की जांच करवाएं।
सं.1/1(39)/2026-पी&पीडब्ल्यू (ई)/ई-12002-(2)
भारत सरकार
कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग
तीसरा तल, लोकनायक भवन,
खान मार्केट, नई दिल्ली-110003
दिनांक: 29.10.2026
कार्यालय ज्ञापन
विषय :- कुटुंब पेंशन की पात्रता निर्धारित करते समय आजीविका नहीं कमाने या आश्रितता का अवधारण – संबंधी ।
अधोहस्ताक्षरी को यह सूचित करने का निदेश हुआ है कि केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के अधीन परिवार के पात्र सदस्यों को कुटुंब पेंशन प्रदान करते समय आजीविका नहीं कमाने या आश्रितता के निर्धारण के संबंध में कई संदर्भ प्राप्त हुए हैं।
2. कुटुंब पेंशन के दावों की जांच में यह एक निर्धारक कारक है, किंतु कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी के लिए लागू नहीं है क्योंकि उन पर आय की अधिकतम सीमा लागू नहीं होती। तथापि, एक पुनर्विवाहित निःसंतान विधवा के मामले में, बच्चों या मानसिक या शारीरिक निःशक्तता से ग्रस्त भाई-बहनों को छोड़कर अन्य पारिवारिक सदस्यों पर लागू आय की अधिकतम सीमा प्रभावी होगी।
3. केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के नियम 50 (11) की व्याख्या में आजीविका नहीं कमाने की अवधारणा उल्लिखित है और इसे नीचे विस्तार से दर्शाया गया है:
(क) मानसिक या शारीरिक निःशक्तता से ग्रस्त बच्चे या भाई-बहन के अलावा कुटुंब के अन्य सदस्य को, अपनी आजीविका नहीं कमाने वाला माना जाएगा यदि कुटुंब पेंशन के अलावा अन्य स्रोतों से उसकी कुल आय, इस नियम के उप-नियम (2) के अधीन न्यूनतम कुटुंब पेंशन और उस पर अनुज्ञेय महंगाई राहत से कम है। वर्तमान में, यह अनुज्ञेय महंगाई राहत सहित 9,000/- रुपये प्रतिमास है।
(ख) मानसिक या शारीरिक निःशक्तता से ग्रस्त बच्चे या भाई-बहन को अपनी आजीविका नहीं कमाने वाला माना जाएगा यदि कुटुंब पेंशन के अलावा अन्य स्रोतों से उसकी कुल आय, इस नियम के उप-नियम (2) के खंड (क) के उप-खंड (i) के अधीन देय कुटुंब पेंशन से कम है। वर्तमान में, यह अनुज्ञेय महंगाई राहत सहित वेतन का तीस प्रतिशत है।
4. आजीविका नहीं कमाने के अलावा, अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा पुत्री अपने माता-पिता पर आश्रित होनी चाहिए जब वे जीवित थे। इसके अतिरिक्त, आश्रित माता-पिता और आश्रित निःशक्त भाई-बहनों के मामले में, वे सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु से ठीक पहले उस पर आश्रित होने चाहिए। आश्रितता निर्धारण के लिए मौद्रिक सीमाएं उपर्युक्त पैरा 3 में उल्लिखित सीमाओं के समान हैं।
5. सभी मंत्रालयों/विभागों से अनुरोध है कि इन निदेशों को कुटुंब पेंशन से संबंधित कार्य करने वाले कार्मिकों के संज्ञान में लाएं।
6. इसे सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से जारी किया जाता है।
(दीपक गुप्ता)
अवर सचिव, भारत सरकार
Comments