कुटुंब पेंशन के भुगतान हेतु पात्र परिवार के सदस्यों के बीच प्राथमिकता का क्रम – संबंधी।
कुटुंब पेंशन के भुगतान हेतु पात्र परिवार के सदस्यों के बीच प्राथमिकता का क्रम. पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने 29 अक्टूबर 2026 के कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के नियम 50 के अंतर्गत कुटुंब पेंशन के भुगतान हेतु पात्र परिवार के सदस्यों की प्राथमिकता का क्रम स्पष्ट किया है।
इन निर्देशों का प्रभाव दिवंगत केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों
के आश्रित परिवारजनों पर पड़ेगा। कुटुंब पेंशन में प्रथम अधिकार पात्र जीवित पति या पत्नी का होगा। इसके बाद निर्धारित शर्तों के अनुसार बच्चों, दिव्यांग बच्चों, अविवाहित/विधवा/तलाकशुदा बेटियों, आश्रित माता-पिता तथा दिव्यांग भाई-बहनों पर क्रमशः विचार किया जाएगा। वैवाहिक विवाद और न्यायिक पृथक्करण के मामलों में विशेष प्रावधान लागू होंगे।
पात्र परिवारजनों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों सहित कुटुंब पेंशन का दावा प्रस्तुत करना चाहिए। संबंधित मंत्रालयों, विभागों और पेंशन स्वीकृति अधिकारियों को निर्धारित प्राथमिकता, आयु, वैवाहिक स्थिति, दिव्यांगता तथा आश्रितता संबंधी शर्तों की जांच करके दावों का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित करना होगा।
सं.1/1(39)/2026-पीपीडब्ल्यू(ई)/ई-12002-(1)
भारत सरकार
कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग
तीसरा तल, लोकनायक भवन,
खान मार्केट, नई दिल्ली-110003
दिनांक: 29.10.2026
कार्यालय ज्ञापन
विषय :- कुटुंब पेंशन के भुगतान हेतु पात्र परिवार के सदस्यों के बीच प्राथमिकता का क्रम – संबंधी।
अधोहस्ताक्षरी को यह सूचित करने का निदेश हुआ है कि एक मृत सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी के परिवार के सदस्यों को कुटुंब पेंशन की स्वीकार्यता केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के नियम 50 के अधीन वैधानिक पात्रता के क्रम द्वारा विनियमित होती है। दावों की एकसमान जांच के लिए निम्नलिखित स्थिति दोहराई जाती है।
2. कुटुंब पेंशन सर्वप्रथम, कानूनी तौर पर विवाहित जीवित पति/पत्नी को देय होती है, जिसमें नियम में निर्धारित शर्तों के अनुसार सेवानिवृत्ति के पश्चात हुए विवाह से पात्र जीवनसाथी भी सम्मिलित है।
3. पति/पत्नी की मृत्यु या उनकी पात्रता समाप्त होने पर, उनके बच्चे कुटुंब पेंशन के लिए पात्र हो जाते हैं, जिसमें दत्तक बच्चे, सौतेले बच्चे, सेवानिवृत्ति
के पश्चात जन्मे बच्चे और सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु के पश्चात जन्मे बच्चे सम्मिलित हैं।
3.1 कुटुंब पेंशन के लिए विचारार्थ बच्चों की तीन मुख्य श्रेणियां हैं। पहली श्रेणी के बच्चे अपने जन्म के क्रमानुसार पात्र होते हैं और उनकी हकदारी 25 वर्ष की आयु होने, विवाह या आजीविका अर्जित करने, इनमें से जो भी पहले हो, पर समाप्त हो जाती है। पहली श्रेणी के बच्चों की अनुपस्थिति या उनकी पात्रता समाप्त होने की स्थिति में, मानसिक या शारीरिक निःशक्तता से ग्रस्त बच्चे अपने जन्म के क्रमानुसार पात्र होते हैं। वे कुटुंब पेंशन तब तक प्राप्त करते रहते हैं जब तक वे अपनी आजीविका कमाना शुरू नहीं कर देते; विवाह से उनकी पात्रता प्रभावित नहीं होती।
3.2 पहली और दूसरी श्रेणी के बच्चों की अनुपस्थिति या उनकी पात्रता समाप्त होने की स्थिति में, अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटियां अपने जन्म के क्रमानुसार पात्र होती हैं, बशर्ते कि जब उनके माता-पिता जीवित थे तब वे अपने माता-पिता पर आश्रित थीं और कुटुंब पेंशन देय होने के समय आजीविका नहीं कमा रही थीं। विवाह/पुनर्विवाह होने या आजीविका कमाने तक, इनमें से जो भी पहले हो, उनकी हकदारी बनी रहेगी।
4. तथापि, वैवाहिक कलह के मामलों में, निर्धारित शर्तों की पूर्ति के अध्यधीन, एक महिला सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी, कुटुंब पेंशन प्राप्त करने के लिए अपने पति के स्थान पर अपने बच्चों को नामनिर्देशित
कर सकती है। इसके अतिरिक्त, न्यायिक पृथक होने के मामलों में, न्यायिक्तः पृथक्कृत जीवनसाथी से पहले पात्र बच्चों को कुटुंब पेंशन दी जाती है, ऐसे जीवनसाथी को पात्र बच्चों की पात्रता समाप्त होने पर कुटुंब पेंशन दी जा सकती है।
5. इसके अतिरिक्त, नियम 50 (8) (e) से (g) में उल्लिखित परिस्थितियों में, उत्तरजीवी विधवा को, यथास्थिति, किसी अन्य मृत पत्नी, तलाकशुदा पत्नी अथवा अमान्य या अमान्यकरणीय विवाह से जन्मे पात्र बच्चों के साथ कुटुंब पेंशन देय हो सकती है।
6. पति/पत्नी और बच्चों की मृत्यु होने या उनकी पात्रता समाप्त होने पर, पात्र आश्रित माता-पिता, जिसमें दत्तक माता-पिता सम्मिलित हैं, पर विचार किया जा सकता है। सामान्यतः, पिता से पहले माता का क्रम होता है। अंत में, पति/पत्नी, बच्चों और आश्रित माता-पिता की मृत्यु होने या उनकी पात्रता समाप्त होने पर, मानसिक या शारीरिक नि:शक्तता से ग्रस्त आश्रित भाई-बहनों को कुटुंब पेंशन देय हो सकती है।
7. यह सूचित किया जाता है कि केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली, 2021 के उपबंधों के अनुसार, उपरोक्त क्रमानुसार कुटुंब के सदस्यों को कुटुंब पेंशन देय है।
8. सभी मंत्रालयों/विभागों से अनुरोध है कि इन निदेशों को कुटुंब पेंशन से संबंधित कार्य करने वाले कार्मिकों के संज्ञान में लाएं।
9. इसे सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से जारी किया जाता है।
हस्ता/-
(दीपक गुप्ता)
अवर सचिव, भारत सरकार
Comments